रेलवे स्टेशन अब सौर ऊर्जा से होगा रोशन
बिजली खर्च में भारी बचत की उम्मीद
बारसोई /कटिहार – बारसोई जंक्शन पर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 125 केवीपी क्षमता का रूफटॉप ऑन-ग्रिड सोलर पावर प्लांट स्थापित किया गया है। इस परियोजना का निर्माण आक्सर इलेक्ट्रिकल प्राईवेट लिमिटेड द्वारा भारतीय रेलवे के नवीकरणीय ऊर्जा अभियान के तहत किया गया है।इस अवसर पर रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में प्लांट का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में एसएसई इलेक्ट्रिकल बारसोई राणा रोहित रितेश एवं जेई इलेक्ट्रिकल अविनाश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।सोलर प्लांट की स्थापना से बारसोई जंक्शन पर अब हर वर्ष लगभग 1.75 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होगा, जिससे रेलवे को करीब ₹15.75 लाख की वार्षिक बचत होने की संभावना है। करीब ₹66 लाख की लागत से बने इस प्रोजेक्ट की रिकवरी अवधि लगभग 4 वर्ष बताई जा रही है, जबकि इसकी कुल आयु 25 वर्ष है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह पहल न केवल बिजली खर्च को कम करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान देगी। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और “नेट जीरो कार्बन एमिशन” के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी।स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह की परियोजनाएं क्षेत्र के विकास के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी लाभकारी साबित होंगी।




























