जीएम मैडम ने किया नई सुविधाओं का शुभारंभ
कटिहार – एनएफ रेलवे महिला समिति की अध्यक्षा सह जीएम मैडम शालिनी श्रीवास्तव ने कटिहार में कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी सुविधाओं का बुधवार को शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत कटिहार रेलवे अस्पताल में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
जिसके बाद अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस डेंटल क्लीनिक का फीता काटकर उद्घाटन किया गया।इसी क्रम में जीएम श्रीमति शालिनी श्रीवास्तव द्वारा कटिहार रेलमंडल में महिला कल्याण से जुड़ी गतिविधियों को और अधिक मजबूती देने हेतु तैयार रेलवे महिला समिति के नवनिर्मित कार्यालय का भी उद्घाटन किया गया। इसके बाद एनएफ रेलवे की अध्यक्ष सह जीएम मैडम शालिनी श्रीवास्तव ने महिला रेल समिति द्वारा संचालित सिल्वर बेल्स प्राइमरी स्कूल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 6 मेधावी बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों एवं छोटे कलाकारों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे माहौल को उल्लासमय बना दिया। इस अवसर पर डीआरएम मैडम सह अध्यक्षा महिला रेल समिति निवेदिता नरह की अध्यक्षता में जीएम मैडम का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन अत्यंत सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं प्रभावशाली रहा, जिसकी हर ओर काफी सराहना हुई।
अपने संबोधन में जीएम श्रीमति शालिनी श्रीवास्तव ने डीआरएम मैडम निवेदिता नरह की खुलकर प्रशंसा करते हुए कहा कि कटिहार रेल में जिस प्रकार योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए महिला समिति की गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। डीआरएम मैडम निवेदिता नरह के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शिता और सक्रिय सहभागिता के कारण यहां हर कार्यक्रम व्यवस्थित, प्रभावी और प्रेरणादायक बन रहा है। कटिहार मंडल में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में जो सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। यह डीआरएम मैडम की प्रतिबद्धता और टीम भावना का परिणाम हैं। पूरा कार्यक्रम विकास, सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण का एक सशक्त संदेश देते हुए संपन्न हुआ। मौके पर मुख्यालय और मंडल की महिला रेल समिति सभी पदाधिकारी मौजूद थी।




























