संवाददाता/किशनगंज
भारतीय जनता पार्टी की सरकार मुसलमानों के अधिकारों को छीनना चाहती है और चुनाव आयोग को भाजपा वालों ने अपना एजेंट बना लिया है।उक्त बाते एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने किशनगंज में कही है।बंगाल में मतदाता पुनरीक्षण के बाद 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम काटे जाने को लेकर श्री ईमान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बंगाल में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार नागरिकों के वोट से चुनी जाती है, लेकिन बंगाल में जिस तरह से मतदाताओं को वोट से वंचित करने की साजिश रची गई है वो निंदनीय है।उन्होंने आगे कहा कि बिहार में भी भाजपा के द्वारा यह कोशिश की गई थी लेकिन यहां पूरी तरह वो सफल नहीं हो पाए थे।उन्होंने कहा कि मुसलमानों को वोट से चुनाव आयोग वंचित रखना चाहती है।उन्होंने कहा कि आप राजनैतिक दलों को धमकी दीजिए लेकिन चुनाव आयोग को चाहिए कि मतदाता मतदान से वंचित नहीं रह सके।
उन्होंने कहा कि ऐसे विधान सभा क्षेत्र जहां सर्वाधिक मतदाताओं के नाम काटे गए है वहां का चुनाव स्थगित होना चाहिए।श्री ईमान ने तृणमूल कांग्रेस द्वारा मजलिस पार्टी को भाजपा का बी टीम बताए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ये लोग सिर्फ मुसलमानों का वोट लेना जानते हैं और जब भाजपा मुसलमानों पर जुल्म करती है तो ये सामने खड़े तक नहीं होते,इन्हें लगता है कि अगर मजलिस पार्टी मजबूत होगी तो इन्हें मुसलमानों का वोट नहीं मिलेगा यही कारण है कि हमें कुछ भी कहती है।




























