सड़क बने बिना ही उठी राशि, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग तेज

SHARE:

मो मुर्तुजा/ठाकुरगंज (किशनगंज)

नगर पंचायत ठाकुरगंज के वार्ड संख्या 09 में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता का मामला सामने आया है। इस संबंध में नगर पंचायत के मुख्य पार्षद श्रीकृष्णा सिंह उर्फ (सिंकदर पटेल) ने जिला पदाधिकारी किशनगंज को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

मुख्य पार्षद द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 06 अप्रैल को आयोजित नगर पंचायत बोर्ड की बैठक के दौरान वार्ड संख्या 09 की पार्षद सुधा देवी ने एक गंभीर मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड क्षेत्र में एक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य कराए बिना ही संबंधित अभिकर्ता को भुगतान कर दिया गया है।

बताया गया कि बैठक के बाद पार्षदों की टीम ने “राम साह के घर से चंद्र के घर तक” बताए गए सड़क निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां किसी प्रकार का नया सड़क निर्माण कार्य नहीं पाया गया। इसके बाद कनीय अभियंता से संबंधित योजना की संचिका संख्या 51/2025-26 का अवलोकन किया गया, जिसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 में उक्त स्थान पर पीसीसी सड़क निर्माण के नाम पर भुगतान दर्शाया गया है।

मुख्य पार्षद ने जिला पदाधिकारी से अनुरोध किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विस्तृत जांच कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्य के एवज में वास्तविक भुगतान हुआ है या नहीं। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या फर्जीवाड़ा सामने आता है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए सरकारी राशि की वसूली सुनिश्चित की जाए।

साथ ही वर्ष 2022 से 2025 के बीच स्वीकृत सभी सड़क निर्माण योजनाओं के भुगतान विवरण की भी जांच कर उनकी भौतिक स्थिति का सत्यापन कराने कीर मांग की गई है। मुख्य पार्षद ने इस गंभीर विषय पर त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई