जीविका सिलाई घर से दीदियों को मिल रहा घर के पास रोजगार : डीएम
महिलाओं को रोजगार मिलने से घर में आती है खुशहाली : एसपी
जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से पोशाक प्राप्त कर बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान
जीविका दीदियों द्वारा तैयार पोशाक आँगनवाड़ी केंद्र के बच्चे पहन रहे हैं। इसी सिलसिले में जिला पदाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने आँगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच पोशाक का वितरण किया। इस मौके पर जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ठाकुरगंज प्रखंड के आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के पोशाक से भरे गाड़ी को झंडा दिखा कर रवाना किया। मंगलवार को किशनगंज सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में संचालित शगुन जीविका दीदी का सिलाई घर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भाग लिया।

इस मौके पर सिलाई घर की जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि किशनगंज की जीविका दीदियों को उनके घर के पास ही पोशाक सिलाई का रोजगार मिल रहा है। वहीं आँगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को जीविका दीदियों द्वारा तैयार पोशाक प्राप्त हो रहा है। कहा कि जिले के विभिन्न सिलाई सेंटरों पर जीविका दीदियाँ पोशाक सिलाई का कार्य कर रही हैं।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को रोजगार मिलने से पूरे परिवार में खुशहाली आती है। जीविका के माध्यम से जिला की जीविका दीदियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। महिलाओं को रोजगार मिलने से परिवार, समाज, प्रदेश, देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है। उनकी प्रगति से सबकी प्रगति जुड़ी हुई है।

इस मौके पर जीविका की डीपीएम अनुराधा चंद्रा ने बताया कि सातों प्रखंड में लगभग अठारह सौ जीविका दीदियों को प्रशिक्षित कर कपड़ा सिलाई कार्य से जोड़ा गया है। विभिन्न सिलाई सेंटरों पर यह कार्य किया जा रहा है। समेकित बाल विकास परियोजना अंतर्गत आँगनवाड़ी केंद्र के सभी बच्चों को पोशाक उपलब्ध करवाया जाएगा। लगभग तीस हजार पोशाक तैयार कर लिया गया है।
बाकी पोशाक निर्माण के लिए जीविका दीदियाँ सिलाई सेंटरों पर कार्य कर रही हैं। तय समय सीमा में सारे पोशाक तैयार कर लिए जाएंगे। इस अवसर पर बीडीओ किशनगंज सदर कर्मवीर कुमार भारती एवं बीपीएम सदर जीविका शमशेर आलम एवं नॉन फॉर्म प्रबंधक जीविका डॉली, लाइवलीहुड स्पेशलिस्ट उदय कुमार पटेल जीविका कर्मी सुप्रिया, राजीव उपस्थित थे। बड़ी संख्या में शगुन संकुल संघ की जीविका दीदियां एवं कैडर उपस्थित थे।





























