विशेष टीम और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अब तक तीन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
किशनगंज/प्रतिनिधि
किशनगंज पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों में फर्जी दस्तावेज एवं अवैध आधार कार्ड बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ अभियान चला रही है।एसपी संतोष कुमार के निर्देशन में पुलिस की टीम लगातार गिरोह के सफाए में जुट गई है। पुलिस की विशेष टीम एसटीएफ के सहयोग से इस गिरोह से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है।
लगातार निगरानी बरतते हुए विशेष टीम ने पहले 2 अप्रैल को टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के एक किराना दुकान में छापेमारी कर गिरोह के मुख्य सरगना मनोहर शर्मा को गिरफ्तार किया था। इसके पास से 400 लोगों के आधार कार्ड, जाती प्रमाण पत्र,लैपटॉप , इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित 57 प्रकार के दस्तावेज व सामग्री बरामद की गई थी।इसके बाद 4 अप्रैल को खगड़िया जिला से एक आरोपी कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया था।5 अप्रैल को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
विशेष टीम और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में श्यामपुर, पलासी,अररिया निवासी साजिद रब्बानी को टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 112/26 में वांछित आरोपी साजिद रब्बानी को टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी प्रिंटिंग प्रेस की आड़ में फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करता था और अवैध आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह को क्लोन बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट बनाकर बेचता था।
इन क्लोन फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल गिरोह के मुख्य सरगना मनोहर कुमार द्वारा आधार कार्ड बनाने वाले सॉफ्टवेयर को संचालित करने में किया जाता था। एसपी संतोष कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम के द्वारा आगे भी कार्रवाई जारी है।टीम अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों में छापेमारी कर रही है।पूरे मामले में एसपी संतोष कुमार स्वयं नजर बनाए हुए है।





























