महिलाओं ने सिंदूर खेला कर नम ऑंखों से भगवती को दी विदाई
डंडखोरा/कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के महेशपुर पंचायत के डुमरिया में आयोजित चार दिवसीय मेला का भगवती को जल-प्रवाह करने के साथ समापन हो गया।सैकड़ों की संख्या में महिला -पुरुष श्रद्धालुओं ने नम ऑंखों से मैया की प्रतिमा को विदाई दी।इस दौरान जहाॅ भारी मात्रा में बताशा लुटाये तो वहीं महिलाओं ने एक दूसरे को सिंदुर लगाकर भगवती की कृपा बने रहने की कामना की।
अपराह्न दो बजे से ही मंदिर परिसर में बज रहे विदाई गीत से श्रद्धालु भावुक होने को विवश हो रहे थे।वहीं जय माता दी,दुर्गा माता की जय जैसे गगनभेदी नारा आसपास को भक्तिमय बना रहा था।
मंदिर से दर्शन घाट तक की लगभग एक किलोमीटर की दूरी तक चला विसर्जन जुलूस दो घंटे में पूरा हुआ और सूर्यास्त से पूर्व हीं प्रतिमा को जल-प्रवाह कर दिया गया।मंदिर से प्रतिमा के निकलते हीं दुकानदारों ने मेले में सजी अपनी दुकानों को समेटना शुरु कर दिया।विसर्जन यात्रा के दौरान विधि- व्यवस्था तथा सुगम आवागमन बनाये रखने को लेकर अपर थानाध्यक्ष अमलेंदु सिंह के नेतृत्व में एएसआई सुमन कुमार के साथ डंडखोरा पुलिस सक्रिय रहे।




























