किशनगंज:तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, दो युवतियां गंभीर रूप से घायल।

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के हाटगांव निवासी साबिर आलम द्वारा तेज रफ्तार बाइक चलाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, साबिर आलम अपने घर से बाइक लेकर टेढ़ागाछ आ रहा था। इसी क्रम में शर्मा टोली के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मौजूद दो युवतियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवतियों एवं बाइक सवार को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, टेढ़ागाछ पहुंचाया गया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों की पहचान आशा कुमारी एवं रूपा कुमारी (पिता- जगन शर्मा), निवासी शर्मा टोली के रूप में हुई है। दोनों युवतियों को सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। विशेष रूप से सिर में चोट लगने के कारण तत्काल उन्नत चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता बताई गई।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया। लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर रोक लगाने की मांग की है। यह हादसा एक बार फिर से सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर करता है। प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई