किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के खजूरबाड़ी में रविवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक स्कॉर्पियो वाहन अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे जा गिरी। जानकारी के अनुसार वाहन खजूरबाड़ी से टेढ़ागाछ की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ने से गाड़ी सड़क से नीचे उतरकर किनारे जा फंस गई। घटना के समय वाहन में कई लोग सवार थे।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय ग्रामीण कृष्ण प्रसाद मंडल एवं महेंद्र प्रसाद मंडल ने बताया कि घटना अचानक हुई, लेकिन गांव के लोगों ने एकजुट होकर तेजी से कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि यदि समय पर मदद नहीं मिलती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। ग्रामीणों की सजगता और सहयोग के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन जल्द ही स्थिति सामान्य हो गई। बाद में वाहन को भी सुरक्षित निकालने का प्रयास किया गया।
यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि आपात स्थिति में स्थानीय लोगों की सतर्कता और सामूहिक सहयोग कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सड़क पर पूरी सावधानी और नियंत्रित गति से वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



























