किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के खनियाबाद पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय बैरिया के छात्र शशि कुमार सहनी ने मैट्रिक परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर प्रखंड सहित पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कुल 465 अंक प्राप्त कर 93 प्रतिशत अंक हासिल किए, जो उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। शशि कुमार सहनी, रामदेव सहनी एवं सेविका जयमंती देवी के पुत्र हैं।
सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई के प्रति अपने समर्पण और अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया। उनकी इस सफलता से न केवल उनके परिवार में, बल्कि पूरे गांव और विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय के शिक्षकों ने शशि की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि वह शुरू से ही मेधावी और मेहनती छात्र रहे हैं। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। शिक्षकों ने यह भी बताया कि शशि ने नियमित अध्ययन और समय प्रबंधन के जरिए यह सफलता प्राप्त की है।
शशि कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के सहयोगी वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि आगे भी वे इसी तरह मेहनत कर अपने लक्ष्य को हासिल करना चाहते हैं और उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज के लिए कुछ बेहतर करना चाहते हैं।
ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी शशि की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के अन्य छात्रों में भी पढ़ाई के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है।



























