विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग अपनी जमीन से जुड़े मामलों को लेकर पहुंचे। जनता दरबार के दौरान राजस्व अधिकारी अरुण पांडेय की अध्यक्षता में भूमि विवाद से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई और समाधान का प्रयास किया गया।
इस दौरान प्राप्त मामलों में से दो मामलों का निष्पादन आपसी सहमति के आधार पर सफलतापूर्वक कर लिया गया। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझ और सहमति से विवाद समाप्त कराया गया, जिससे संबंधित लोगों ने संतोष व्यक्त किया। राजस्व अधिकारी अरुण पांडेय ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य जमीन से जुड़े विवादों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान करना है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि कुल 14 मामलों की सुनवाई के लिए आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से दो मामलों का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष 12 मामलों पर विस्तृत सुनवाई अगले शनिवार को की जाएगी।
उन्होंने संबंधित पक्षों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक कागजातों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया, ताकि मामलों का जल्द निपटारा किया जा सके। जनता दरबार में कार्यपालक सहायक राजा कुमार सहित अन्य कर्मी भी मौजूद रहे, जिन्होंने मामलों के निष्पादन में सहयोग किया। इस पहल से स्थानीय लोगों में विश्वास बढ़ा है और वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे हैं।


























