संवाददाता/किशनगंज
किशनगंज मंडल कारा में एक सजायाफ्ता बंदी की मौत हो गई। मृतक कैलाश कामती (60 वर्ष), ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के मल्हाबारी निवासी थे। शनिवार की देर शाम उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जेल अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, कैलाश कामती उत्पाद अधिनियम के तहत ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 37/17 में दर्ज मामले में सजा काट रहे थे। वे पूर्व से ही बीमार चल रहे थे और कुष्ठ रोग से ग्रसित थे। उनका नियमित इलाज सदर अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा था।
शनिवार शाम तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन बच नहीं सके।
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कुमार गौरव ने बताया कि बंदी लंबे समय से बीमारी से पीड़ित थे। डीएम विशाल राज के निर्देश पर सदर बीडीओ कर्मवीर की निगरानी में शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया और परिजनों को सौंप दिया गया




























