टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
बिहार में लागू मद्य निषेध कानून के तहत शराब तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में टेढ़ागाछ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने नेपाल से भारत लाई जा रही 417 बोतल नेपाली देसी शराब जब्त की है। हालांकि पुलिस को चकमा देकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने बताया कि शनिवार सुबह लगभग 4:00 बजे थाना क्षेत्र के शिक्षागाछी गांव के समीप यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर नेपाल सीमा से शराब की खेप लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर चुके हैं और उसे स्थानीय स्तर पर खपाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही गश्ती दल को सक्रिय कर संभावित मार्गों पर नाकेबंदी की गई।अभियान का नेतृत्व स्वयं थानाध्यक्ष ने किया।
उनके साथ सहायक थाना अध्यक्ष रितेश कुमार, सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार, एसआई दिलीप कुमार सहित अन्य पुलिस बल के जवान मौजूद थे। टीम ने शिक्षागाछी गांव के पास सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर तीन बोरे लदे संदिग्ध हालत में एक व्यक्ति आता दिखा। पुलिस को देखते ही बाइक सवार वाहन छोड़कर भाग निकला। अंधेरा होने के कारण वह पुलिस पकड़ से बाहर हो गया।
तलाशी लेने पर बोरे से कुल 417 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की गई। जब्त शराब और मोटरसाइकिल को थाना लाकर सुरक्षित रखा गया है। थानाध्यक्ष मो. इजहार आलम ने कहा कि इस संबंध में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
फरार तस्कर की पहचान की जा रही है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्र में शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




























