पुलिस ने अवैध मिट्टी लोड 5 ट्रैक्टर किया जब्त,मचा हड़कंप

SHARE:

रणविजय/पौआखाली:


पौआखाली पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार की अहले सुबह थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों, सरायकुड़ी गांव और पेटभरी शिव मंदिर चौक के समीप एनएच 327ई पर मिट्टी के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त कुल पांच ट्रैक्टर ट्रालियों को जब्त किया है.

थानाध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है. पुलिस ने शुक्रवार की अहले सुबह ही उन रास्तों और ठिकानों पर पहुंचकर जहाँ अवैध रूप से मिट्टी का उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था वहां यह कार्रवाई की है. जब्ती के क्रम में एक भी ट्रैक्टर चालक पुलिस के समक्ष वैध कागजात प्रस्तुत नही कर पाए है.

जब्त पांच ट्रालियों में से दो में नंबर प्लेट लगे हुए हैं तो तीन ट्रालियों के नंबर प्लेट गायब हैं. जिनमें चार डबल ट्रॉलियां भी शामिल है. पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है. वहीं जब्त किए गए सभी वाहनों को थाना परिसर लाया गया है. पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खनन विभाग और परिवहन विभाग को अग्रेतर कार्रवाई के लिए आधिकारिक सूचना और प्रतिवेदन प्रेषित करने की जानकारी दी है. अब संबंधित विभागों द्वारा इन वाहनों पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष अंकित सिंह के साथ पुलिस के अन्य पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध उत्खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में खनन विभाग से समन्वय स्थापित कर ऐसी कार्रवाइयां और तेज की जाएंगी. गौरतलब है कि पिछले कई महीनों से थाना क्षेत्र के इन जगहों के अलावे अन्य कई जगहों में उपजाऊ खेत की मिट्टी के उत्खनन और परिवहन का धंधा काफी तेजी से फलफूल रहा था.

इस संबंध में अखबारों में लगातार खबरें भी प्रकाशित हो रही थी. हालांकि सूत्रों के अनुसार थाना क्षेत्र के रसिया पंचायत के बांसबाड़ी इलाके में जेसीबी मशीन और दर्जनों ट्रैक्टर ट्रालियों से आज भी मिट्टी खनन का कारोबार बदस्तूर जारी है जहां के ग्रामीण कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है. वहीं इस कार्रवाई के लिए जदयू नगर अध्यक्ष हबेवुर रहमान ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की प्रशंसा की है.

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई