संवाददाता: विजय कुमार साह
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हवाकोल पंचायत स्थित गम्हरिया कुट्टी हाट के निकट आगामी 28 फरवरी एवं 1 मार्च को दो दिवसीय भव्य सत्संग एवं श्री श्री 108 संतशिरोमणि स्वामी शिवनारायण जी संत समाज का 22वां किशनगंज जिला वार्षिक महा अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर पंचायत एवं आसपास के ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।पंचायत के मुखिया विशेश्वर प्रसाद शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 फरवरी और 1 मार्च को आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाप्रसाद, पेयजल तथा शौचालय की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि बाहर से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि 28 फरवरी 2026, शनिवार की सुबह 6:30 बजे से कार्यक्रम का शुभारंभ भजन-कीर्तन, ध्यान, स्तुति, विनती, गुरु अन्यास पाठ एवं प्रवचन के साथ किया जाएगा, जो दिन के 11:00 बजे तक चलेगा। संतों के प्रवचनों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त होगा तथा समाज में नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। मुखिया ने कहा कि यह जिला स्तरीय महा अधिवेशन समस्त ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन समिति एवं ग्रामीण लगातार तैयारी में जुटे हुए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सत्संग का लाभ उठाने की अपील की है।दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन से क्षेत्र में भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण का संचार होने की उम्मीद है।


























