महिला बंध्याकरण अभियान में टेढ़ागाछ का उत्कृष्ट प्रदर्शन, डॉ प्रमोद कुमार सम्मानित

SHARE:

किशनगंज में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर टेढ़ागाछ प्रखंड प्रथम, डॉ. प्रमोद कुमार सम्मानित।

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

किशनगंज में शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में महिला बंध्याकरण अभियान में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए टेढ़ागाछ प्रखंड को प्रथम स्थान घोषित किया गया। जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच टेढ़ागाछ प्रखंड में कुल 337 महिला बंध्याकरण ऑपरेशन सफलतापूर्वक कराए गए, जो जिले के कुल लक्ष्य का लगभग 49 प्रतिशत है।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार एवं उनकी पूरी टीम को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।


जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा में पाया गया कि टेढ़ागाछ प्रखंड ने परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत जागरूकता अभियान, आशा एवं एएनएम कर्मियों के समन्वय और नियमित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से बेहतर प्रदर्शन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार संपर्क अभियान चलाकर महिलाओं को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया। सम्मान समारोह के दौरान सिविल सर्जन द्वारा डॉ. प्रमोद कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

इस अवसर पर डॉ. प्रमोद कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय आशा कार्यकर्ता, एएनएम दीदी एवं स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, जनजागरूकता और टीमवर्क के बल पर यह उपलब्धि संभव हो पाई है।


उन्होंने सभी आशा एवं एएनएम कर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने टेढ़ागाछ प्रखंड के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य प्रखंडों को भी इससे प्रेरणा लेने की बात कही।


इस उपलब्धि से न केवल टेढ़ागाछ प्रखंड का मान बढ़ा है, बल्कि जिले में परिवार नियोजन कार्यक्रम को भी नई गति मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में भी इसी प्रकार बेहतर प्रदर्शन जारी रहेगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई