कटिहार में राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर पैनल अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित

SHARE:

कटिहार कोर्ट – जिला व्यवहार न्यायालय परिसर में आगामी 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कटिहार डीएलएसए के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रणवीर सिंह के कुशल मार्गदर्शन में पैनल अधिवक्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए डीएलएसए के सचिव कमलेश सिंह देवू ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक लंबित वादों का आपसी सुलह – समझौते के आधार पर त्वरित निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपसी सहमति से मामलों के निपटारे से न केवल समय और धन की बचत होती है, बल्कि आपसी संबंध भी सौहार्दपूर्ण बने रहते हैं।

बैठक में पैनल अधिवक्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने वादकारियों से संपर्क कर मामलों को लोक अदालत में सुलह के लिए प्रेरित करें। विशेष रूप से बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना दावा, पारिवारिक विवाद, विद्युत एवं टेलीफोन बिल, आपराधिक सुलह योग्य मामलों सहित अन्य लंबित मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी।

डीएलएसए की ओर से आम लोगों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने मामलों का त्वरित और सरल समाधान प्राप्त करें। राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय सुलभ,सरल एवं त्वरित न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई