सारण में मद्यनिषेध ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1054.08 लीटर शराब जब्त करने में सफलता हासिल किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कारवाई में यह सफलता हासिल हुई है।विभाग को सूचना प्राप्त हुआ था कि शराब की बड़ी खेप राज्य में प्रवेश करने वाली है ।जिसके बाद जांच अभियान तेज कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के आधार पर मुफस्सिल थाना सारण के सहयोग से दिनांक 20/02/2026 को संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक 10 चक्का ट्रक, एक चारपहिया वाहन तथा दो तीनपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। तलाशी के क्रम में वाहनों से कुल लगभग 1054.08 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके। संबंधित वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है और उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून के तहत अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद बाहरी राज्यों से शराब की तस्करी के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, जिन पर रोक लगाने के लिए मद्यनिषेध ब्यूरो और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




























