“मेरा प्रखंड मेरा गौरव” प्रतियोगिता में साक्षी कुमारी सम्मानित, बेणुगढ़ किले के इतिहास को दिलाई पहचान।

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

बिहार सरकार का पर्यटन विभाग द्वारा संचालित “मेरा प्रखंड मेरा गौरव” प्रतियोगिता के अंतर्गत टेढ़ागाछ प्रखंड की नृत्यशाला गांव निवासी साक्षी कुमारी को प्रखंड स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ प्रोत्साहन स्वरूप 10 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


“मेरा प्रखंड मेरा गौरव” योजना के माध्यम से राज्य के विभिन्न प्रखंडों में स्थित अनदेखे या कम ज्ञात ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की पहचान कर उन्हें प्रमुखता से सामने लाने का प्रयास किया जाता है। यह पहल न केवल स्थानीय धरोहरों के संरक्षण को बढ़ावा देती है, बल्कि लोगों में अपने क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता भी उत्पन्न करती है।


साक्षी कुमारी, जो नृत्यशाला गांव निवासी देवमोहन सिंह की पुत्री हैं, ने प्रतियोगिता के ऑनलाइन मोड में डाकपोखर पंचायत स्थित ऐतिहासिक बेणुगढ़ किले (बाबा बेनू महाराज का किला) के प्राचीन इतिहास विषय को चुना। उन्होंने अपने प्रस्तुतीकरण में किले के धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को विस्तार से रेखांकित किया।

बताया जाता है कि बाबा बेनू महाराज के किले का गौरवशाली अतीत रहा है और आज भी बैसाखी के अवसर पर वहां भव्य मेला आयोजित होता है। हाल ही में तत्कालीन भूमि राजस्व सुधार मंत्री से मिलकर इसे राजकीय मेले का दर्जा देने की मांग भी की गई थी।प्रखंड बीस सूत्री सदस्य रवि कुमार दास ने साक्षी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह टेढ़ागाछ वासियों के लिए गर्व का क्षण है।

वहीं भाजपा प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष देव मोहन सिंह ने कहा कि इस पुरस्कार से बाबा बेणु महाराज के किले को पर्यटन विभाग की नजर में पहचान मिली है, जिससे इसके जीर्णोद्धार और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने की उम्मीद जगी है।ग्रामीणों ने भी आशा व्यक्त की है कि सरकार शीघ्र ही इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन स्थल एवं राजकीय मेला का दर्जा प्रदान करेगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई