संवाददाता/किशनगंज
अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय कार्य विभाग के सभी कार्यपालक अभियंता, अनुमंडल पदाधिकारी तथा खनिज विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार खनन से प्राप्त होने वाले राजस्व की विभिन्न मदों—ईंट भट्ठा, बालू, कार्य विभाग, मिट्टी एवं दंड आदि की विस्तृत समीक्षा की गई। खनिज विकास पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि ईंट भट्ठा मद से ₹162.90 लाख, बालू मद से ₹1891.09 लाख, कार्य विभाग से ₹1346.37 लाख तथा अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण (19 फरवरी 2026 तक) से ₹417.19 लाख की वसूली की गई है।
अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के अंतर्गत कुल 1232 छापेमारी की गई, 255 वाहन जप्त किए गए तथा अवैध परिवहन/खनन के विरुद्ध कुल 11 प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बैठक में बताया गया कि इस माह जप्त वाहनों के विरुद्ध कुल ₹42.32 लाख की दंड राशि अधिरोपित की गई है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत कुल 171 ईंट भट्ठों की रॉयल्टी जिला खनन कार्यालय किशनगंज को प्राप्त है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 140 ईंट भट्ठा मालिकों द्वारा रॉयल्टी जमा की गई है, जबकि शेष 31 ईंट भट्ठा मालिकों को शीघ्र रॉयल्टी जमा कराने का निर्देश दिया गया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल वार्षिक राजस्व लक्ष्य ₹4909.22 लाख निर्धारित किया गया है।
बैठक में एडीएम द्वारा अनुपस्थित पदाधिकारियों को जिला पदाधिकारी के स्तर से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। जिला खनन पदाधिकारी ने बांधों पर अवैध खनन की सूचना फ्लड विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराने तथा अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का आग्रह किया। नगर परिषद को पिछले एक वर्ष में कराए गए कार्यों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
मेची नदी में हो रहे अवैध खनन पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा खनन पदाधिकारी को लाइसेंस निर्गत किए जाने के उपरांत लाइसेंस क्षेत्र की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया। एडीएम ने सभी माइनिंग प्लान की सूची तैयार कर उसे अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इसके अतिरिक्त बिहार पुल निगम को किशनगंज के नाम से रॉयल्टी जमा करने तथा सभी संबंधित एजेंसियों को ससमय रॉयल्टी जमा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, क्योंकि वित्तीय वर्ष का अंतिम चरण चल रहा है।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, एडीटीओ सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




























