करोड़ों की क्षति का अनुमान
कुरसेला /कटिहार /प्रतिनिधि
नगर पंचायत क्षेत्र के कुरसेला नया हाट में रविवार की देर शाम अचानक एक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे हाट में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोग दुकानों से सामान निकाल भी नहीं पाये।
इस अगलगी में एक सौ से अधिक छोटे-बड़े दुकानों के जलने की आशंका जताई जा रही है। आग की चपेट में हाट में मौजूद किराना,कपड़ा, फर्नीचर, मोबाइल, मिठाई, चप्पल-जूता सहित कई दुकानों में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की।
लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण सफल नहीं हो सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना के बाद हाट के दुकानदारों में भारी आक्रोश और मायूसी है। प्रशासन से प्रभावित दुकानदारों ने मुआवजा और राहत की मांग की है।
























