गलगलिया/दिलशाद
गुरुवार की सुबह करीब 9 बजकर 20 मिनट पर गलगलिया पुलिस ने मद्य निषेध चेकपोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान बंगाल से शराब तस्करी कर बिहार ला रहे तीन लोगों को भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब के साथ अपने हिरासत में लिया है। प्राप्त जानकारी के गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि बंगाल बिहार अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित मद्य निषेध चेकपोस्ट होकर भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप को तस्करी कर बिहार लाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध अपर थानाध्यक्ष वेद प्रकाश निषाद के द्वारा सघन चेकिंग अभियान मद्य निषेध चेकपोस्ट पर चलाया जा रहा था। इस दौरान बंगाल की ओर से आ रही एक तीन पहिया टैंपो को रुकने का इशारा किया गया। साथ ही वाहन की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान टैंपो की छत में तहखाना बना कर तहखाने में छिपाकर लाए जा रहे मैजिकमोमेंट, ब्लेंडर प्राइड, रॉयल स्टेज, इंपीरियल ब्लू व्हिस्की के साथ ही बकार्डी रम, की कुल 105 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
वहीं मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही मौके से तीन पहिया टैंपो को जब्त कर लिया गया। वहीं पूछताछ करने पर तीनों ने अपना नाम प्रिंस कुमार उम्र 25 वर्ष पिता मोहन सिंह, संजय कुमार उम्र 23 वर्ष पिता जागो चौधरी, अभिनव आनंद उम्र 19 वर्ष पिता ललन यादव, तीनो साकिन छर्रापट्टी थाना उदा किशुनगंज जिला मधेपुरा बिहार निवासी बताया।
साथ ही बताया कि पश्चिमबंगाल के चक्करमारी से शराब लादकर बिहार के मधेपुरा ले जा रहे थे। वहीँ इसके उपरांत तीनों शराब कारोबारियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में किशनगंज भेज दिया गया है।


























