किशनगंज:अग्निपीड़ित परिवार को मिला 12 हजार रुपये का अनुग्रह अनुदान

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खनियाबाद पंचायत के बैरिया गांव में विगत 8 जून 2025 को हुई भीषण आगलगी की घटना में मो. कयूम आलम का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया था। आग की लपटों ने देखते ही देखते कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा सारा सामान, कपड़े, अनाज एवं दैनिक उपयोग की वस्तुएं जलकर नष्ट हो गई थीं। घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे जीवनयापन करने को मजबूर हो गया था।


घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई थी। इसी क्रम में बुधवार 11 फरवरी 2026 को टेढ़ागाछ के अंचलाधिकारी शशि कुमार द्वारा अग्निपीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत 12,000 रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि का चेक प्रदान किया गया। यह राशि आपदा राहत मद से दी गई है, ताकि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत मिल सके और वे अपनी बुनियादी जरूरतों की पूर्ति कर सकें।

चेक वितरण के दौरान अंचल कार्यालय के कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। अंचलाधिकारी शशि कुमार ने बताया कि “सरकार की ओर से प्राकृतिक आपदाओं में प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता प्रदान करने का प्रावधान है। आगलगी की घटना की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अनुग्रह अनुदान राशि स्वीकृत की गई है। प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव सहयोग किया जाएगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई