सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए मनाया जाएगा जिला स्थापना दिवस
किशनगंज /प्रतिनिधि
जिला स्थापना दिवस समारोह आयोजन हेतु जिलाधिकारी डॉ आदित्य प्रकाश के निदेशानुसार अपर समाहर्त्ता ब्रजेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक समाहरणालय सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जिलास्तरीय पदाधिकारी,जिला के गणमान्य नागरिक,सामाजिक कार्यकर्ता आदि उपस्थित थे।
बैठक में जिला सामान्य प्रशाखा प्रभारी पदाधिकारी,रंजीत कुमार ने बताया कि 14 जनवरी को प्रत्येक वर्ष किशनगंज जिला स्थापना दिवस मनाया जाता रहा है। पिछले वर्ष कोविड महामारी के कारण समारोह आयोजन स्थगित रहा,परंतु सभी कार्यालय ,बैंक व प्रतिष्ठान की सजावट तथा स्वच्छता कार्यक्रम किया गया था। इस वर्ष जिला स्थापना के 32 वीं वर्षगांठ आयोजन हेतु तैयारी के निमित बैठक बुलाई गई है।
राज्य में कोरोना महामारी के बढ़ते प्रसार पर चिंता व्यक्त करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन हेतु राज्य सरकार के स्तर से निर्गत होने वाले गाइडलाइन की प्रतीक्षा करने व तद्नुसार समारोह आयोजन पर सर्वसम्मति से निर्णय हुआ।
14 जनवरी को स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए अन्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश प्राप्त हुआ।जिला के सभी सरकारी कार्यालय,प्रतिष्ठान के सजावट और समाहरणालय व सर्किट हाउस आदि को नीली रोशनी के लाइटिंग द्वारा सुसज्जित करने का निर्देश प्राप्त हुआ।

























