युवक ने पेश की मानवता की मिसाल, सड़क किनारे बेसुध पड़े बीमार व्यक्ति को सदर अस्पताल में कराया भर्ती

SHARE:

सागर चंद्रा/ किशनगंज


सड़क किनारे बेसुध पड़े बीमार व्यक्ति को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करा कर युवक ने मानवता की मिसाल पेश की है। मंगलवार सुबह अज्ञात बीमार व्यक्ति को डाक बंगला चौक के समीप सड़क किनारे बेहोशी की अवस्था में पाया गया।

इस दौरान सड़क होकर कई लोग गुजरे, लेकिन किसी ने भी उसकी स्थिति पर तरस खाकर मदद का हाथ तक नहीं बढ़ाया। उसके शरीर से निकलने वाली बदबू के कारण लोग अपनी नाक पर रूमाल रख कर तिरस्कार भरी नजरों से उसे देखते और आगे बढ़ जाते थे। इसी दौरान सड़क होकर गुजर रहे नेपाल गढ़ कॉलोनी निवासी अविनाश कुमार की नजर उस पर पड़ी। उसने व्यक्ति की ओर मदद का हाथ बढ़ाया और उसे बिस्किट खाने को दिया।

बिस्किट मिलते ही व्यक्ति उसपर टूट पड़ा। उसे देख ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह काफी दिनों से भूखा प्यासा था। अविनाश ने फौरन सदर अस्पताल फोन कर एक एंबुलेंस की मांग की। एंबुलेंस के पहुंचते ही उसे लादने की चेष्टा की गई। लेकिन आसपास खड़े लोग चुपचाप मुक दर्शक बने रहे। आखिरकार अविनाश ने एंबुलेंस कर्मियों की मदद से व्यक्ति को सदर अस्पताल पहुंचाया।

जहां उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उसका इलाज प्रारंभ कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में मौजूद लोगों ने अविनाश के नेक कार्य की भूरी भूरी प्रशंसा की।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!