समेली/कटिहार – चकला मौला नगर पंचायत में मुखिया राजेश कुमार मंडल के नेतृत्व में आयोजित जनसुनवाई शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। शिविर के दौरान पेंशन, घरेलू विवाद, बीमारी और अन्य जनसरोकार से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। कई मामलों में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनवाकर मौके पर ही विवाद का समाधान कराया गया।
शिविर में पहुंचे बुजुर्गों, वृद्ध महिलाओं एवं जरूरतमंद लोगों की समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे कई बुजुर्गों और महिलाओं को मुखिया ने अपने निजी कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। वहीं दिव्यांग बुजुर्गों को दैनिक जीवन को आसान बनाने के उद्देश्य से टॉयलेट कमोड चेयर भी वितरित की गई।
मुखिया राजेश कुमार मंडल ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते लोगों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से प्रतिदिन लोगों से मिलकर उनकी शिकायतें सुनी जाती हैं और संबंधित मामलों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाता है।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता का यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। इस अवसर पर वार्ड सदस्य वीरेंद्र कुमार शर्मा, संजय कुमार, जनार्दन पंडित,सत्यनारायण पंडित,अभिनंदन रविदास,अमरेंद्र पंडित,महेश्वर पंडित सहित पंचायत के कई गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे ।




























