सोनभद्र संवाददाता/टेढ़ागाछ –
फुलवड़िया गांव में युवक बिनोद साह पर हुए जानलेवा हमले के बाद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शुक्रवार को खुद एसडीपीओ खुसरु सिराज ने फुलवड़िया गांव पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।घटनास्थल का जायजा लेने के बाद एसडीपीओ खुसरु सिराज ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ तौर पर कहा कि”फुलवड़िया की घटना बेहद गंभीर है और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फरार चल रहे अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी । एसडीपीओ की मौजूदगी से अपराधी के मन में खौफ माहौल था ।
वारदात के तुरंत बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के खुद कमान संभालने से स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भरोसा जगा है। एसडीपीओ ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता और तेजी से की जाए ताकि अपराधियों को अदालत से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।
गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे फुलवड़िया वार्ड संख्या-11 निवासी बिनोद साह पर विकास साह की मेडिकल दुकान के समीप घात लगाकर बैठे चार आरोपियों (गुनगुन, समी, सलीम और जुनैद आलम) ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था।
गंभीर रूप से घायल बिनोद साह का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ में चल रहा है। अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुनगुन और सलीम को शुक्रवार को न्यायालय भेज दिया गया है।


























