छापेमारी के दौरान खनन कार्य कराया गया बंद, एक पोकलेन मशीन मौके पर लॉक
बरारी/कटिहार – बरारी थाना क्षेत्र के सोती और गुरुमेला गांव में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान तीन हाइवा को जब्त किया गया। जबकि एक पोकलेन मशीन एवं एक हाइवा खराब रहने के कारण मौके पर ही लॉक कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बरारी अंचलाधिकारी मनीष कुमार, जिला खनन पदाधिकारी एवं बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार को सूचना मिली थी कि गुरुमेला क्षेत्र में अवैध रूप से खनन कार्य किया जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान अवैध खनन कार्य को तत्काल बंद कराया गया। प्रशासन ने मौके से तीन हाइवा को जब्त करते हुए आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं एक पोकलेन मशीन और एक हाइवा खराब रहने के कारण उसे घटनास्थल पर ही लॉक कर निगरानी में रखा गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने अवैध खनन पर लगातार कार्रवाई करने की मांग की है। ताकि नदी एवं पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सके।






















