मामूली विवाद में भाई ने भाई को मारा चाकू,घायल कटिहार रेफर

SHARE:

बारसोई /कटिहार – बारसोई प्रखंड के बलतर पंचायत के जौहरपुर गांव में मंगलवार को मामूली विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में जाकिर हुसैन(32) गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल बारसोई पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कटिहार रेफर कर दिया गया।

अनुमंडलीय अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रीमा सरकार ने बताया कि घायल के पेट में चाकू लगा है। जख्म ज्यादा गहरा नहीं है, फिर भी बेहतर जांच और उपचार के लिए कटिहार रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार घर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान छोटे भाई मोहम्मद आबिद को चोट लग गई थी। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार पहले बड़े भाई जाकिर हुसैन ने आबिद को लोहे के सामान से मार दिया था, जिससे उसके सिर पर चोट आई। इसके बाद आबिद इलाज कराने अस्पताल गया और दवा लेकर वापस घर पहुंचा। घर लौटने के बाद दोनों भाइयों में फिर विवाद हुआ, जिसके बाद आबिद ने चाकू निकालकर जाकिर हुसैन के पेट में वार कर दिया। चाकू लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

दोनों बेटों के बीच हुए खूनी संघर्ष को देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन उन्हें संभालने में जुटे रहे। घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले मोहम्मद हबीबुर रहमान ने बताया कि मामला परिवार का है और छोटी सी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था।

उन्होंने कहा कि परिवार के लोग आपसी स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं। घटना के सम्बन्ध में बारसोई थाना अध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई