खनियाबाद व बैगना पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित,ऑन द स्पॉट हुआ समस्याओं का निष्पादन

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार को खनियाबाद एवं बैगना पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया। शिविर में प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों से आवेदन प्राप्त कर त्वरित समाधान की प्रक्रिया अपनाई गई।

सहयोग शिविर में डायरेक्टर शशिम सौरभ मणि मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, राजस्व अधिकारी प्रिंस कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास, कृषि पदाधिकारी मो० आदिल अनवर, कार्यक्रम पदाधिकारी विपिन कुमार, आईसीडीएस पदाधिकारी निशा कुमारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संजीव कुमार एवं एसआई विकास कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।


शिविर के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा संबंधित कर्मियों को आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। ग्रामीणों ने राशन कार्ड, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, कृषि योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं समेत अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए।

कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई।बैगना पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में कुल 56 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका शत-प्रतिशत ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया। वहीं खनियाबाद पंचायत सरकार भवन में कुल 50 आवेदन प्राप्त हुए और सभी मामलों का निष्पादन किया गया।

खनियाबाद शिविर में सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार सिंह, डीएसपी बिरजू पासवान, अंचलाधिकारी शशि कुमार, बीपीआरओ विवेक भारती, थानाध्यक्ष सृष्टि कुमारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। दोनों पंचायतों में लगाए गए मेडिकल कैंप में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। शिविर में पहुंचे लोगों ने मौके पर समस्याओं का समाधान होने पर संतोष जताया और प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

अधिकारियों ने बताया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने एवं ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाओं को सुलभ एवं प्रभावी बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

प्रशासन की ओर से दावा किया गया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन किया गया। सहयोग शिविर के सफल आयोजन से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया तथा लोगों ने इसे जनहित में सराहनीय पहल बताया।मुखिया ऐजाज हसन, मुखिया प्रतिनिधि शाहजाद आलम,सरपंच नोशाद आलम सहित बुद्धिजीवी मौजूद थे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई