ट्रक पर लोड कर ले जाया जा रहा था शराब
किशनगंज/प्रतिनिधि
एसपी संतोष कुमार के निर्देशन में अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थो के विरूद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में सुखानी थाना की पुलिस ने रविवार को सुखानी थाना अन्तर्गत तातपौआ के पास हाइवे पर वाहन चेकिंग के क्रम में ठाकुरगंज की ओर से आ रही एक ट्रक से 209.53 लीटर विदेशी शराब बरामद किया है।शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार व्यक्ति ट्रक चालक श्याम सुंदर यादव बसुआ वार्ड सिंधिया,समस्तीपुर तथा उपचालक प्रेम कुमार परसनमा,भरगांव, दरभंगा का रहने वाला है। कार्रवाई सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी के नेतृत्व में की गई।सुखानी थाना की पुलिस को शराब तस्करी की सूचना मिली थी।सूचना पर तातपौआ के पास हाइवे पर निगरानी शुरू की गई।तभी वहां से गुजर रही उक्त ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली गई।
तलाशी के क्रम में 750 एमएल का 127 बोतल, 375 एमएल का 143 बोतल एवं 180 एमएल का 337 बोतल कुल 607 बोतल शराब बरामद किया गया। पुलिस ने दो मोबाइल फोन 11220 रुपए भी जप्त किए है।इस संदर्भ में सुखानी थाना में सोमवार को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 के तहत कांड दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
चालक एवं उपचालक से पूछताछ में पुलिस को पता चला की यह खेप बंगाल से बेगूसराय जिला ले जाया जा रहा था। बरामद शराब के संबंध में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है।
जप्त अवैध शराब करोबार में शामिल तस्करों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी तथा उनके द्वारा अर्जित सम्पत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जप्त करने की कार्रवाई की जायेगी।टीम में सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ,अवर निरीक्षक सह अपर थानाध्यक्ष मनीषा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक सुबेलाल कुमार व डीआईयू की टीम शामिल थी।






















