बांग्लादेशी बयान पर गरमाई सियासत,सांसद तारिक अनवर ने सीएम को लिखा पत्र

SHARE:

विदेश नीति पर भी केंद्र को घेरा

कटिहार – सीमांचल में शेरशाहवादी समुदाय को लेकर दिए गए बांग्लादेशी बयान पर बिहार की राजनीति गरमा गयी है। कटिहार सांसद तारिक अनवर ने इस मामले को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जदयू विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कटिहार स्थित अपने आवासीय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी सामाजिक तनाव और नफरत फैलाने का काम कर रही है।

सांसद ने कहा कि शेरशाहवादी मुस्लिम समुदाय वर्षों से कटिहार,पूर्णिया,अररिया और किशनगंज समेत सीमांचल के कई जिलों में रह रहा है और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार पहले ही इस समुदाय को ईबीसी और ओबीसी श्रेणी में शामिल कर चुकी है।ऐसे में उन्हें बांग्लादेशी कहना बेहद आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।

तारिक अनवर ने मुख्यमंत्री से मांग किया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले इस बयान को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विधायक के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाए ताकि समाज में गलत संदेश न जाय।प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र की विदेश नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है। विदेश दौरों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता के असली मुद्दों की चर्चा नहीं होती।

लेकिन बाद में विदेश यात्राओं और बड़े-बड़े दावों की राजनीति शुरू हो जाती है।इसके अलावा सांसद ने कटिहार के स्थानीय मुद्दों को भी उठाया। विशेष रूप से गौशाला ओवरब्रिज निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर जल्द ही संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों से मुलाकात कर निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग करेंगे। मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव,किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप विश्वास,मो.जहांगीर सहित कई कांग्रेस नेता मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई