सीमांचल क्षेत्र की लंबित रेल संबंधी महत्वपूर्ण मांगों को लेकर सांसद ने जीएम को लिखा पत्र

SHARE:

कटिहार – सांसद तारिक अनवर ने कटिहार रेल मंडल एवं सीमांचल क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रेल संबंधी महत्वपूर्ण मांगों को लेकर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष को एक अत्यावश्यक पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। कटिहार जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पंकज कुमार तमाखुवाला ने बताया कि अपने पत्र में सांसद श्री अनवर ने कहा है कि कटिहार रेल मंडल एनएफ रेलवे का एक महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत अहम रेल मंडल है, जिसके सुदृढ़ीकरण से न केवल सीमांचल क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलेंगी। बल्कि पूर्वोत्तर भारत और देश के अन्य हिस्सों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।

सांसद श्री अनवर ने पत्र के माध्यम से कटिहार–मनिहारी – तेजनारायणपुर रेलखंड को मालदा टाउन तक विस्तारित करने ,कटिहार से चेन्नई , बेंगलुरु ,हैदराबाद एवं तिरुवनंतपुरम के लिए सीधी दैनिक रेल सेवा शुरू करने , कटिहार के लिए बाईपास लाइन मनीया एवं नए स्टेशन की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने, दैनिक यात्रियों के लिए ईएमयू सेवा शुरू करने तथा आपातकालीन कोटा बढ़ाने की मांग की है।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने सुधानी में गरीब नवाज एक्सप्रेस एवं काढ़ागोला रोड में अवध असम एक्सप्रेस के ठहराव , कटिहार से दरभंगा के बीच नई इंटरसिटी एक्सप्रेस , जिले में स्वीकृत एवं प्रस्तावित आरओबी, आरयूबी परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति उपलब्ध कराने, कटिहार–कोलकाता के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस तथा कटिहार–रांची सीधी रेल सेवा शुरू करने की भी मांग उठाई है।

सांसद श्री अनवर ने कहा कि सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोग स्वास्थ्य लाभ, शिक्षा , रोजगार एवं व्यापार के लिए बेहतर रेल संपर्क पर निर्भर हैं। जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर रेल मंत्रालय को प्राथमिकता के आधार पर अविलंब निर्णय लेना चाहिए। सांसद श्री अनवर रेल मंत्रालय के प्रति आश्वस्त है कि जल्द से जल्द इन कार्यों को धरातल पर उतारा जाएगा।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!