सागर चंद्रा/किशनगंज
बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा के समीप घटित सड़क हादसे में ट्रक चालक और खलासी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान यूपी के शामली जिला स्थित बेंतीखेड़ा निवासी सुहैल (22) पिता असफाक और सादिक (20) पिता अहसान के रूप में की गई है। गुरुवार देर रात घटित घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में कर उसे किशनगंज भेज दिया। जबकि यातायात पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार ट्रक लखनऊ से प्लाईबोर्ड लेकर तिनसुकिया असम जा रहा था। इसी दौरान लोहागाड़ा के समीप ट्रक का टायर फट गया था। चालक और खलासी ट्रक से नीचे उतर कर टायर मरम्मती कर रहे थे। इसी दौरान सिलीगुड़ी की दिशा से तेज रफ्तार आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें बुरी तरह से रौंद दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद वाहन मौके से फरार हो गया। घटना में सुहैल की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक चालकों ने घायल सादिक को इलाज के लिए किशनगंज लाने की कोशिश की। लेकिन बीच रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। शुक्रवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद साथी ट्रक चालकों ने दोनों शवों को उनके पैतृक निवास भेज दिया।
























