दूसरे दिन नामांकन में दिखा दमखम
बरारी /कटिहार -प्रखंड क्षेत्र के काबर, विशनपुर,बकिया सुखाय, सकरेली एवं गुरमेला पंचायतों में प्रस्तावित पैक्स चुनाव को लेकर गुरुवार को प्रखंड कार्यालय पूरी तरह चुनावी माहौल में डूबा नजर आया। नामांकन के दूसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए कुल 10 उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया, जिससे दिनभर परिसर में हलचल बनी रही।काबर पंचायत से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रवि कुमार सिंह सैकड़ों समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे और अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

उनके साथ आए समर्थकों की भीड़ से कार्यालय परिसर में काफी चहल-पहल रही। विशनपुर पंचायत से अखिलेश सिंह एवं पूर्व पैक्स अध्यक्ष मिथलेश कुमार ने नामांकन किया। बकिया सुखाय पंचायत से सुमन कुमार यादव और अनूप लाल यादव ने अपनी उम्मीदवारी दर्ज कराई। गुरमेला पंचायत से केवल अमरेंद्र कुमार ने नामांकन दाखिल किया। वहीं सकरेली पंचायत से अटल बिहारी, कैलाश मंडल, महेश मंडल एवं राज कुमार मंडल ने पर्चा भरा।
बुधवार और गुरुवार को मिलाकर प्रबंधकारिणी समिति सदस्य पद के लिए कुल 52 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार धीरज एवं सहायक निर्वाचन पदाधिकारी राज कुमार सिंह पूरे दिन सक्रिय रहे।शांतिपूर्ण माहौल में नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई तथा सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।
निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पहले दिन 7 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था, जबकि दूसरे दिन 10 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। पंचायतवार देखें तो काबर से 1, सकरेली से 4, बकिया सुखाय से 2 तथा विशनपुर से 2 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। शुक्रवार और शनिवार को सभी नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी।
इधर विशनपुर पंचायत से पैक्स अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अखिलेश कुमार सिंह के समर्थन में प्रस्तावक सुबोध सिंह, समर्थक निरंजन यादव, भाजपा नेता गब्बर गोस्वामी, संजय यादव, संजीत कुमार, पूर्व मुखिया मनोज यादव, संजीत कुमार यादव, बासुदेव सिंह, शैलेश सिंह, बासुदेव सिंह, दुर्गेश चौधरी, पंचायत समिति सदस्य संजय मंडल, जाबिर सहित सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे।
इस मौके पर प्रत्याशी अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि पिछले चुनाव में वे मात्र दो मतों से हार गए थे। इस बार जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जीतने पर किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जाएगी।



























