महिला ने पेट्रोल उड़ेलकर आत्महत्या का किया प्रयास, गंभीर हालत में किशनगंज रेफर

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत धवैली पंचायत के वार्ड संख्या 3 में बुधवार को एक महिला द्वारा स्वयं पर पेट्रोल उड़ेलकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना के बाद महिला को कथित रूप से रातभर घर पर ही रखा गया, जिससे उसकी स्थिति और बिगड़ गई। बताया जाता है कि गुरुवार को दोपहर लगभग एक बजे मायके पक्ष को सूचना मिलने के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, टेढ़ागाछ पहुंचाया।

वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज रेफर कर दिया।


घायल महिला की बहन राधा देवी, जो कोचाधामन प्रखंड के चपराबुखारी गांव की निवासी हैं, ने बताया कि लक्ष्मी की शादी के अलावा उसके पति ने दो अन्य महिलाओं से भी विवाह किया था, जिनकी बाद में मृत्यु हो चुकी है।

परिजनों ने आशंका जताई है कि पारिवारिक परिस्थितियों के कारण महिला मानसिक तनाव में थी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।इधर, महिला की गंभीर हालत को देखकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

मामले को लेकर टेढ़ागाछ थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल थाना में इस संबंध में किसी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई