बरारी /कटिहार – प्रखंड के बलवा निवासी 71 वर्षीय सतीश चंद्र चौधरी का रविवार शाम निधन हो गया। वे कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। सोमवार को उनके पुत्र आनंद कुमार ने विधि विधान के साथ काढ़ागोला गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया।
उन्होंने बताया कि बीमारी के कारण उनका इलाज चल रहा था। लेकिन रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।सतीश चंद्र चौधरी भारत स्काउट गाइड से लंबे समय तक जुड़े रहे और उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया था।
स्काउट-गाइड के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। वे सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे और युवाओं को अनुशासन व सेवा भावना की सीख देते थे।अपने पीछे वे पुत्र आनंद कुमार,पुत्री आंचल कुमारी,प्रियासोनी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
उनके निधन की खबर मिलते ही बलवा गांव सहित पूरे बरारी प्रखंड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।निधन पर बरारी विधायक विजय सिंह, पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी, शिव मंदिर फाउंडेशन के संयोजक विकास तिवारी, महेश कुमार चौधरी, गौतम भगत, अभय कुमार, संतोष चौधरी, पप्पू चौधरी समेत कई गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।



























