दहेज के लिए ससुराल वालों ने नव विवाहिता को बेरहमी से पीटा,पीड़िता अस्पताल में भर्ती

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

महिला के परिजनों के साथ भी ससुराल वालो ने किया दुर्व्यवहार

किशनगंज /सागर चन्द्रा

दहेज की खातिर ससुराल वालों के द्वारा नवब्याहता की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही जब मायके वाले पीड़िता के ससुराल पहुंचे तो उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। आखिरकार मायके वालों ने पुलिस की मदद से नवब्याहता को ससुराल वालों के चंगुल से आजाद करा कर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

वहीं पीड़िता के मायके वालों ने बताया कि बाभनगांव पौआखाली निवासी 18 वर्षीय ममता देवी की शादी मात्र 26 दिन पूर्व गत 27 अप्रैल को टाउन थाना क्षेत्र के सालकी गिरी टोला निवासी संदीप कुमार के साथ हुई थी। शादी के वक्त मायके वालों ने सोने चांदी के आभूषण, फर्नीचर आदि के साथ साथ अपाची बाइक भी उपहार स्वरूप दिया था।

लेकिन शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले और अधिक आभूषणों के साथ साथ बुलेट बाइक व दुधारू पशु की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे। विरोध करने पर ममता को निर्वस्त्र कर पीटा जाता था।

बुधवार को भी पति और ससुराल वालों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और उसे एक कमरे में बंधक बना लिया। लेकिन मायके वालों ने पुलिस की मदद से उसे आजाद करा कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

दहेज के लिए ससुराल वालों ने नव विवाहिता को बेरहमी से पीटा,पीड़िता अस्पताल में भर्ती