किशनगंज /सागर चन्द्रा
पोठिया थाना क्षेत्र के भातकुंडा गांव में एक व्यक्ति का शव धान के खेत में पड़ा मिला। अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से वार कर भातकुंडा निवासी 32 वर्षीय मो.सिराज उर्फ सिराजुद्दीन की हत्या कर दी थी। शनिवार सुबह पटुआ धोने के लिए खेत पहुंचे मजदूरों की नजर शव पर पड़ी। मजदूरों के द्वारा शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव के सिर पर और कान के निकट गहरे जख्म थे। शव को देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा था कि शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने उसपर हमला किया था।
जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। बहरहाल स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से एक तलवार और दो मोबाइल बरामद किया है। बरामद मोबाइल के कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस हत्यारों की तलाश में जुट गई है।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराने सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि सिराज पेशे से दैनिक मजदूर था। वह दूसरे की जमीन पर खेती कर अपने परिवार का भरणपोषण करता था।
उसने अपने खेत में पटुआ और संठी रखा था। लेकिन विगत कुछ दिनों से अज्ञात चोर पटुआ चोरी कर रहे थे। शुक्रवार रात वह खाना खाने के बाद पटुआ की रखवाली करने के लिए खेत गया था। लेकिन शनिवार सुबह उसका शव बरामद किया गया।




























