ममेरी बहन से दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार,भेजा जेल

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

पीड़िता दे चुकी है बच्चे को जन्म

शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म

किशनगंज /सागर चन्द्रा

शादी करने का झांसा देकर बहन के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी ममेरे भाई को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शनिवार को सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने पोठिया थाना क्षेत्र के गोला पानबाड़ा गांव निवासी पीड़िता के ममेरे भाई मो.मतलूब को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। बताते चलें कि मो.मतलूब का अक्सर पीड़िता के घर आना जाना था।

एक वर्ष पूर्व जब पीड़िता अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान मतलूब ने उसके साथ चाकू की नोंक पर दुष्कर्म किया। घटना के बाद मतलूब ने उसे जल्द शादी करने का झांसा दिया। जिससे पीड़िता भी उसके झांसे में आ गई और मतलूब इसका फायदा उठाकर लगातार दुष्कर्म करने लगा।

नतीजतन पीड़िता के गर्भ में मतलूब का बच्चा पलने लगा। जिसकी जानकारी पीड़िता के द्वारा दिये जाने पर वह टाल मटोल करने लगा। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर पंचायती भी की गई। लेकिन आरोपी और उसके परिजनों ने पंचायती में भाग लेना भी मुनासिब नहीं समझा और उसके साथ मारपीट भी की।

नतीजतन स्थानीय स्तर पर इंसाफ नहीं मिलने के बाद पीड़िता न्याय की गुहार लगाने महिला थाना पहुंच गई। जहां पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। इस बीच पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म दे दिया। बच्चे के जन्म के बाद पुलिस पर आरोपी को गिरफ्तार करने का दबाव काफी बढ़ गया था। आखिरकार पुलिस ने शुक्रवार रात गुप्त सूचना पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

ममेरी बहन से दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार,भेजा जेल