कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
जिले के चैनपुर थाने में पदस्थापित एक महिला सिपाही ने आत्महत्या कर ली है। मृतका सिपाही रामगढ़ थाना क्षेत्र के महुअर गांव निवासी रामएकबाल राम की पुत्री संगीता कुमारी (25) बताई जा रही है।
इस घटना की सूचना मिलते ही कैमूर एसपी राकेश कुमार और डीएसपी सुनीता कुमारी चैनपुर पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना किया और पुलिसकर्मियों से घटना के बारे में जानकारी ली।
घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और परिजन अभी कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं हैं। हालांकि एसपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी का मामला बनता है। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी थी कि संगीता अपने कमरे का दरवाजा बंद कर ली है। फोन करने पर मोबाइल रिसीव नहीं कर पा रही है।
परिजनों की सूचना पर डीएसपी और थानाध्यक्ष उसके क्वार्टर पर गए और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकलवाए। घटना के कारणों के बारे में पूछने पर एसपी ने कहा कि अभी तुरंत का मामला है। इस संबंध में फिलहाल कुछ कह पाना मुश्किल है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि संगीता ने शनिवार की सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक थाने में ड्यूटी की। उसके बाद वह अपने क्वार्टर में चली गई। शाम में करीब छह बजे कुछ महिला आरक्षियों ने उसके मोबाइल पर कॉल किया। लेकिन, वह रिसीव नहीं कर सकी।इसके बाद इसकी सूचना पुलिस और परिजनो को दी गयी फिर पुलिस दरवाजा तोड़कर उसके कमरे में गई तो देखा कि वह पंखे से लटकी हुई है और उसके गले में दुपट्टा लगा हुआ है।