संवाददाता/पहाड़कट्टा
पोठिया प्रखंड अंतर्गत छत्तरगाछ के सतमेढ़ी डोक नदी घाट पर शनिवार अहले सुबह जिला प्रशासन ने अवैध बालू खनन के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। खनन विभाग, अंचल प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ सुबह करीब 5 बजे से 10 बजे तक सतमेढ़ी, गुवाबाड़ी सहित विभिन्न घाटों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान सतमेढ़ी घाट पर अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे बांस, बत्ती एवं फोम से बने एक दर्जन से अधिक नावों को जेसीबी मशीन से मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। वहीं नदी किनारे बंधे एक लोहे के नाव को भी प्रशासन ने जब्त कर जेसीबी से तोड़कर नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए।
बताते चले कि
प्रशासन की टीम को देखते ही गुवाबाड़ी घाट पर खनन में लगे लोग लोहे के नाव को खोलकर नदी में बहाने का प्रयास करने लगे। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दूसरे नाव की सहायता से नदी में उतरकर उक्त नाव को अपने कब्जे में लिया और घाट पर लाकर जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। इसी दौरान पहाड़कट्टा थाना अध्यक्ष फुलेंद्र कुमार ने खजुरबाड़ी घाट से अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर भी जब्त किया है।
छापेमारी अभियान में किशनगंज खनन निरीक्षक सुनील कुमार, खनन पदाधिकारी इखलाख हुसैन, प्रखंड राजस्व पदाधिकारी मनोज चौधरी, पोठिया थाना अध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार, पहाड़कट्टा थाना अध्यक्ष फुलेंद्र कुमार, छत्तरगाछ पुलिस कैंप प्रभारी शैलेश कुमार सहित खनन विभाग दर्जनों अधिकारी और जवान शामिल रहे।
प्रखंड राजस्व पदाधिकारी मनोज चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर घाटों पर विशेष अभियान चलाया गया।उन्होंने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

























