किशनगंज:जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), किशनगंज एवं बाल कल्याण समिति (CWC) के समन्वित एवं अथक प्रयासों से एक बिछड़े हुए बच्चे का अपनी नानी से सफलतापूर्वक पुनर्मिलन कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशनगंज का रहने वाला एक बालक भटकते-भटकते उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पहुंच गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद बाल संरक्षण तंत्र, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, किशनगंज ने आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करते हुए बच्चे की पहचान सुनिश्चित की और उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया।
सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत बालक को उसकी नानी के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद अपने नाती को सकुशल पाकर नानी की आंखें खुशी से भर आईं। यह भावुक पल वहां उपस्थित सभी लोगों के लिए अत्यंत संतोषजनक रहा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, किशनगंज ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराना तथा बिछड़े बच्चों को उनके परिवार से मिलाना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। ऐसे मामलों में विभिन्न विभागों के समन्वय और त्वरित कार्रवाई से ही सकारात्मक परिणाम संभव हो पाते हैं।
इस सफल पुनर्मिलन ने यह साबित किया कि संवेदनशीलता, समन्वय और निरंतर प्रयास से बिछड़े हुए बच्चों को उनके परिवार तक सुरक्षित पहुंचाया जा सकता है। अधिकार मित्र राजेश शर्मा



























