प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उप-चुनाव को बताया सम्राट चौधरी का जनमत संग्रह, बोले – सम्राट चौधरी के चाल, चरित्र और चेहरा पर जनता का भरोसा नहीं, पिछले दरवाजे से बनाए गए मुख्यमंत्री
पटना: जन सुराज पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया है। इसकी घोषणा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर की है। पटना पार्टी कार्यालय में मनोज भारती ने कहा कि कोर कमिटी की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जन सुराज पार्टी की तरफ से बांकीपुर उपचुनाव में उम्मीदवार प्रशांत किशोर होंगे।
इसके बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा को हराने के लिए जो कुछ भी करना पड़े वो करेंगे। पीके ने कहा कि मैं पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का दिल से धन्यवाद व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझपर यह जिम्मेदारी, यह भरोसा दिया है। सबसे पहले मैं आप लोगों को यह आश्वस्त करना चाहूंगा कि पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही मेरा जीवन है। आगे कम से कम 10 वर्षों तक जब तक इस संकल्पना को पूरा न कर लिया जाए तब तक कोई दूसरा उद्देश्य नहीं है।
पीके ने आगे कहा कि बांकीपुर से चुनाव लड़ने की जो जिम्मेदारी मुझे दी गई है मैं उसी प्रयास की दिशा में एक कदम मानता हूं। जो नवंबर 2025 में लाखों लोग जन सुराज के इस विचार और प्रयास से जुड़े थे कहीं न कहीं परिणाम आने के बाद उनके मन में उदासी और हताशा थी। लोगों का ऐसा मानना है कि बांकीपुर चुनाव में अगर जन सुराज को जीत मिलती है तो जन सुराज के बिहार बदलाव की सोच को फिर से पुनर्जीवित करने में जन सुराज को बहुत बड़ी जीत मिलेगी। मैं इस जिम्मेदारी को ईमानदारी से स्वीकार करता हूं। साथ ही सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करता हूं। बांकीपुर के सभी मतदाता साथी जो बीते एक-डेढ़ महीने से हम लोगों को व्यक्तिगत तौर पर या कार्यकर्ताओं के माध्यम से बताया कि हर हाल में बिहार में बदलाव के लिए प्रशांत किशोर को खुद उतरकर चुनाव लड़ना चाहिए। मैं अपनी पूरी ईमानदारी से इस सोच के साथ जुड़कर बांकीपुर का चुनाव लड़ने का प्रयास करूंगा। अगर आपका आशीर्वाद मिला और मैं जीतकर आया तो मैं आश्वस्त करता हूं आपकी भावनाओं, ईच्छा, अपेछा के अनुरूप काम करने का प्रयास करूंगा।
बिहार की राजनीति की दिशा को बदलना चाहते हैं तो बांकीपुर में जन सुराज को जीताइए: प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने कहा कि जो बांकीपुर का चुनाव है, वो 6 महीने से सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रही एनडीए सरकार के कामकाज पर, चाल, चरित्र चेहरा, नीति, नियमावली पर जनता का जनमत संग्रह होने जा रहा है। बांकीपुर के चुनाव में अगर भाजपा को जीत मिलती है, तो मुझे ये मानने में कोई दिक्कत नहीं होगी, जो उनकी नीति है, जो उनका चेहरा है, जो उनकी सरकार है उसमें बिहार के लोगों की सहमति है। अगर, बांकीपुर में भाजपा हारती है, तो यहां के सरकार को ये मानना चाहिए कि जिस तरह के चाल, चरित्र और चेहरा आप दिखा रहे हैं, जिस तरह की व्यवस्था आप चला रहे हैं, वो कहीं न कहीं बिहार की जनता को स्वीकार नहीं है। सम्राट चौधरी पहली बार भाजपा के मुख्यमंत्री बने हैं, हमने पहले भी प्रेस कांफ्रेंस करके स्पष्टता से कहा कि इनके चाल, चरित्र और चेहरा पर हम लोगों को विश्वास नहीं है। बिहार का एक बहुत बड़ा जनमानस है जो इनपर भरोसा नहीं करता है, ये चुनकर नहीं आएं हैं, इन्हें पीछे से सीएम बनाया है। चुनकर जनता ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया था। कहीं न कहीं बांकीपुर की जनता जो बिहार की सबसे प्रबुद्ध-समृद्ध जनता है, उनके कंधों पर ये बोझ है कि सबसे काबिल उम्मीदवार को चुने व सरकार व सरकार की नीतियों पर निर्णय सुनाए। इस सीट से सरकार नहीं बदलेगी, लेकिन बिहार की राजनीति की दिशा जरूर बदलेगी। यदि आप बिहार की राजनीति की दिशा को बदलना चाहते हैं तो बांकीपुर में जन सुराज को जीताइए।
इस मौके पर रामबली चंद्रवंशी, किशोर कुमार मुन्ना, केसी सिन्हा, एमएलसी आफाक अहमद, कुमार सौरव, सुभाष कुशवाहा, सरवर अली, इंदू सिन्हा, ओबैदुर रहमान, जेपी सिंह, राकेश पटेल सहित अन्य मौजूद थे।






















