डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

SHARE:


मुख्य सचेतक कृष्णदेव ऋषि बोले— राष्ट्रहित में डॉ. मुखर्जी का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत


किशनगंज/ संवाददाता


डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से किशनगंज में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह ने की। सम्मेलन में बिहार सरकार के मुख्य सचेतक कृष्णदेव ऋषि मुख्य अतिथि तथा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रणव यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।


कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ किया गया।


मुख्य अतिथि कृष्णदेव ऋषि ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के प्रति समर्पण देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में परमिट व्यवस्था का विरोध करते हुए डॉ. मुखर्जी ने “एक देश में दो निशान, दो विधान और दो संविधान नहीं चलेगा” का नारा दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल का भारत का अभिन्न अंग बने रहना डॉ. मुखर्जी के दूरदर्शी नेतृत्व का महत्वपूर्ण योगदान है।


प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रणव यादव ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।


सम्मेलन को जिला प्रभारी राजकुमार राय, बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह, प्रदेश सह-संयोजक (विधि प्रकोष्ठ) अजीत दास, ज्योति कुमार सोनू एवं संजय उपाध्याय सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।


इस अवसर पर हरिराम अग्रवाल, खुशो देवी, मनीष सिन्हा, जय किशन प्रसाद, सुबोध माहेश्वरी, संजय पासवान, अरविंद मंडल, राकेश गुप्ता, गौरव गुप्ता, दीपक पासवान, सिद्धेश्वर पासवान, कमलेश शर्मा, सोनी देवी, लखवीर कौर, वीणा देवी, दुर्गा स्वर्णकार, लता देवी सहित सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी एवं जिला कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मनीष सिन्हा ने किया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!