भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन के निर्माण का लिया गया संकल्प
किशनगंज/मुरलीधर झा
राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित बिहार सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार द्वारा सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता एवं ईमानदारी सुशासन की आधारशिला है। प्रत्येक सरकारी सेवक का दायित्व है कि वह अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं निष्पक्षता के साथ करे तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति का पालन करे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपने दैनिक कार्यों में नैतिक मूल्यों को अपनाते हुए आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 02 जुलाई से 08 जुलाई 2026 तक पूरे राज्य में बिहार सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवधि में विभिन्न विभागों द्वारा सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक विषयों पर शपथ ग्रहण, जागरूकता कार्यक्रम, व्याख्यान, प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, प्रभात फेरी तथा अन्य जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि समाज में ईमानदारी एवं जवाबदेही की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
इस अवसर पर एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, वरीय उपसमाहर्ता श्रीमती सुनीता कुमारी, एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी/कर्मी उपस्थित रहे।
























