वज्रपात से दुधारू गाय की मौत,मुआवजे की मांग

SHARE:

समेली /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के छोहार पंचायत अंतर्गत दोलंगी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक दुधारू गाय की मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित पशुपालक के समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या-09 निवासी गोपाल कृष्ण मंडल सोमवार रात भोजन करने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे।

इसी दौरान तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश थमने का इंतजार किया जा रहा था कि रात करीब 10 बजे अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ। आकाशीय बिजली गिरने से घर के पास खूंटे में बंधी उनकी दुधारू गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मृत मवेशी का पोस्टमार्टम कर आवश्यक कागजी प्रक्रिया शुरू की।

वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। मुखिया सरिता देवी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में मवेशी की मौत होने से किसान के समक्ष गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पीड़ित पशुपालक ने अंचलाधिकारी एवं पशुपालन विभाग को आवेदन देकर सरकारी सहायता की मांग की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई