संवाददाता/किशनगंज
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंतर्गत कुर्लीकोट थाना क्षेत्र में मंगलवार को एनएच-327 ई पर पीपरीथान चौक के समीप ट्रक और ट्रैक्टर में टक्कर हो गई जिसमें सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के मालिक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि ट्रक का चालक और उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मकई से लदा एक ट्रैक्टर ठाकुरगंज से गलगलिया स्थित मकई फैक्ट्री जा रहा था। पीपरीथान चौक से कुछ दूरी पहले ट्रैक्टर चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और पेशाब करने के लिए नीचे उतरा।
इसी दौरान, ट्रैक्टर के पास खड़े वाहन मालिक राजू यादव को पीछे से आ रहे सोलर पैनल लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।टक्कर के बाद सोलर पैनल से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। ट्रैक्टर का पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, जिससे ट्रैक्टर मालिक राजू यादव उसकी चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
वही ट्रक पलटने के कारण चालक और उपचालक केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए घायलों को केबिन से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।मृतक की पहचान राजू यादव निवासी ठाकुरगंज अंतर्गत माणिकपुर गांव निवासी के रूप में हुई है।इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही कुर्लीकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया और यातायात बहाल कराया।थाना अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने बताया, पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।























