संवाददाता/ किशनगंज
जिले में लंबे समय से कार्यस्थल से अनुपस्थित एवं हड़ताल पर चल रहे पंचायत सचिवों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में जिला पंचायत राज कार्यालय द्वारा आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि पंचायत सचिवों की अनुपस्थिति के कारण जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन, मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के क्रियान्वयन तथा भारत की जनगणना-2027 जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे थे। इससे आम लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
प्रशासन के अनुसार संबंधित पंचायत सचिवों को कई बार कार्यस्थल पर उपस्थित होकर दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद वे अपने कर्तव्य स्थल पर नहीं लौटे। इसे बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली का उल्लंघन मानते हुए बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।
आदेश में सभी निलंबित पंचायत सचिवों का मुख्यालय भी निर्धारित कर दिया गया है तथा उन्हें निलंबन अवधि के दौरान निर्धारित मुख्यालय में रहने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद पंचायत विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।























