बहादुरगंज/किशनगंज/निशांत
बहादुरगंज थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त शिक्षक के साथ कथित जमीन धोखाधड़ी मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस जांच तेज हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ-1 खुसरो सिराज स्वयं बहादुरगंज थाना पहुंचकर जांच-पड़ताल करते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, बहादुरगंज थाना क्षेत्र के सताल मजार रोड निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक तूफानु लाल मांझी ने आरोप लगाया है कि कुछ परिचित लोगों ने आपसी विश्वास का लाभ उठाते हुए उन्हें कथित फर्जी केवाला (बिक्री विलेख) और जमाबंदी के दस्तावेज दिखाकर लाल कार्ड से संबंधित गैर-हस्तांतरणीय भूमि की खरीद-बिक्री करवा दी। इस कथित फर्जीवाड़े के माध्यम से उनसे लाखों रुपये की ठगी की गई।
पीड़ित शिक्षक ने न्यायालय में परिवाद दायर किया था, जिसके आधार पर बहादुरगंज थाना में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
पीड़ित के अनुसार, जिन लोगों को उन्होंने आरोपी बनाया है, उनके साथ लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संबंध थे। इसी विश्वास का फायदा उठाकर आरोपियों ने सेवानिवृत्ति के बाद प्राप्त राशि को निशाना बनाया और कथित रूप से गैर-हस्तांतरणीय लाल कार्ड की जमीन की अवैध खरीद-बिक्री कराकर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला इसलिए भी चर्चा में है।
क्योंकि जांच के दौरान कई कथित भू-माफियाओं के नाम सामने आ सकते हैं। लोगों की नजर अब इस बात पर है कि पुलिस इस मामले का निष्पक्ष खुलासा कर दोषियों पर कार्रवाई करती है या यह मामला भी केवल जांच तक सीमित रह जाता है।
वहीं, एसडीपीओ-1 खुसरो सिराज ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला सत्य प्रतीत होता है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।






















